गल्ला मंडी बाजार में मामूली विवाद के बाद मारपीट, मची अफरा-तफरी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

सिंगरौली। जिले के बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गल्ला मंडी बाजार में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। बाजार के बीच हुए इस झगड़े से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान खरीदारी कर रहे लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद और फिर मारपीट में बदल गई। बाजार क्षेत्र में हंगामा होने से दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की पूरी तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बैढ़न कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बाजार में शांति व्यवस्था कायम करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही विवाद की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।












