ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिए सफलता, व्यक्तित्व विकास और संवैधानिक मूल्यों के मंत्र

रुचि के अनुरूप लक्ष्य तय कर समर्पण और निरंतरता से करें प्रयास - कलेक्टर

सिंगरौली, / एनसीएल के ब्लॉक-बी एरिया स्थित जरहिल भवन में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यक्तित्व विकास, संवैधानिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के संबंध में प्रेरक मार्गदर्शन दिया।कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करे तथा उसे आत्मविश्वास, समर्पण और निरंतर प्रयासों से प्राप्त करने का संकल्प ले। उन्होंने विद्यार्थियों से अनावश्यक तनाव से दूर रहकर पढ़ाई का आनंद लेने, अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा कार्य और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि भारत का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्राप्त होना चाहिए तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, नैतिक मूल्यों का पालन करने, जिम्मेदारियों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का प्रयास करना चाहिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में प्रत्येक निर्णय तथ्यों, तर्क और विवेक के आधार पर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आलोचनात्मक सोच, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण युवाओं की सबसे बड़ी ताकत हैं।

इस अवसर पर एनसीएल ब्लॉक-बी एरिया के महाप्रबंधक श्री पी.के. त्रिपाठी ने कलेक्टर का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का मूल मंत्र “सकारात्मक सपने देखें, सकारात्मक सोचें और सकारात्मक कार्य करें” होना चाहिए। निरंतर परिश्रम और मजबूत व्यक्तित्व ही सफलता का आधार हैं तथा यही समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कलेक्टर से विभिन्न विषयों पर संवाद किया। कलेक्टर ने उनके प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें समर्पण, अनुशासन, ईमानदारी और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में डी.ए.वी. एनसीएल पब्लिक स्कूल, ब्लॉक-बी क्षेत्र, गोरबी में आयोजित श्रीमद्भागवत गीता श्लोक प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को कलेक्टर श्री बैनल द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने में कक्षा 8 की नेहा कुशवाहा, श्रद्धा पाण्डेय एवं अर्पिता गुप्ता, कक्षा 9 की अंजली सिंह तथा शौर्य सिंह पटेल एवं कक्षा 8 की श्रेया मिश्रा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर सम्मानित किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button