नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने वार्ड-38 का किया निरीक्षण
जर्जर सड़क, जलभराव और क्षतिग्रस्त मार्गों को लेकर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पांडे ने शनिवार को वार्ड क्रमांक 38 का निरीक्षण कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जर्जर सड़कों, जलभराव की स्थिति तथा गैस एवं सीवर लाइन कार्य के बाद खराब हुई सड़कों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
नगर निगम अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए और नागरिकों को हो रही परेशानियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव और खराब सड़कों की समस्या को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के इंजीनियरों के साथ वार्ड क्रमांक 38 के कांग्रेस पार्षद अनिल वैश्य भी मौजूद रहे। पार्षद अनिल वैश्य ने क्षेत्र में जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराने तथा वार्ड की अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग रखी।

देवेश पांडे ने कहा कि बरसात को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी सड़क, नाली, जलभराव या अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें चिन्हित कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नगर निगम के अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े और आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य समय पर पूरे हो सकें।













