मनीमाजरा पटवारी कार्यालय एमसी कार्यालय में किया जाए स्थायी रूप से स्थानांतरित, जनता को मिले राहत: महंत मनोज शर्मा

चंडीगढ़, 25 जुलाई। विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा (मनु जी महाराज) ने चंडीगढ़ प्रशासन को पत्र लिखकर मनीमाजरा स्थित पटवारी कार्यालय को जनहित में चंडीगढ़ नगर निगम (एमसी) कार्यालय में स्थायी रूप से स्थानांतरित करने की मांग की है।
महंत मनोज शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान में मनीमाजरा का पटवारी कार्यालय एक हनुमान मंदिर परिसर में संचालित हो रहा है। क्षेत्र में एक से अधिक हनुमान मंदिर होने के कारण आम नागरिक अक्सर भ्रमित होकर दूसरे मंदिरों में पहुंच जाते हैं, जिससे उनका बहुमूल्य समय नष्ट होता है और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि मनीमाजरा पटवारी के पास केवल मनीमाजरा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में पटवारी कार्यालय का किसी सरकारी कार्यालय परिसर में संचालित होना अधिक सुविधाजनक और जनहित में होगा।
महंत मनोज शर्मा ने चंडीगढ़ प्रशासन से आग्रह किया कि आम जनता की सुविधा और सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मनीमाजरा स्थित पटवारी कार्यालय को चंडीगढ़ नगर निगम (एमसी) कार्यालय में स्थायी रूप से स्थानांतरित किया जाए, ताकि नागरिकों को कार्यालय ढूंढ़ने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और उनके कार्य समयबद्ध एवं सरलता से संपन्न हो सकें।













