देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा मॉड्यूल का भंडाफोड़

जालंधर से एक आरोपी गिरफ्तार, आईईडी बरामद

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए जालंधर से एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर ग्रामीण पुलिस ने संयुक्त अभियान में की।

पंजाब पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था। उसके कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद की गई है, जिसमें करीब 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता का विस्फोटक, शरापनेल और बॉल बेयरिंग भरे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।

पुलिस ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा आतंकी खतरा टाल दिया गया। मामले में जालंधर ग्रामीण के पतारा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, विदेश में बैठे हैंडलरों तथा स्थानीय सहयोगियों की पहचान में जुटी हैं। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button