मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई
पांच उग्रवादी और दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार, हथियार व ब्राउन शुगर बरामद

इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग अभियानों में पांच उग्रवादियों और दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और 346 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर भी बरामद की गई, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादी कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी), कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) और यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) से जुड़े हैं। इन्हें इंफाल ईस्ट, काकचिंग और थोउबल जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में इनके अपहरण, जबरन वसूली और नए सदस्यों की भर्ती जैसी गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिली है।
एक अन्य अभियान में इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक ऑटो वर्कशॉप से दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर 346 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। वहीं अलग-अलग तलाशी अभियानों में राइफल, पिस्तौल, हैंड ग्रेनेड, आईईडी, मोर्टार शेल और बड़ी संख्या में कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि राज्य में उग्रवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन, एरिया डोमिनेशन और 112 नाकों पर सघन जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी संदेशों से सतर्क रहने की अपील की गई है।











