बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्लाजा की मूलभूत समस्याओं को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल ने प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके को सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली। वैढ़न स्थित प्लाजा की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल वैढ़न ने एक बार फिर मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर प्रभारी मंत्री का स्वागत भी किया।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि प्लाजा की समस्याओं को लेकर पूर्व में भी प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, नगर निगम महापौर, नगर निगम अध्यक्ष एवं आयुक्त सहित प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक नगर निगम अथवा प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। व्यापारियों ने कहा कि समस्याओं के कारण प्लाजा के दुकानदार लंबे समय से परेशान हैं और शीघ्र समाधान की आवश्यकता है।

इस संबंध में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्लाजा का मामला न्यायालय में विचाराधीन था, जो अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन स्तर पर बैठक आयोजित कर सभी संबंधित पक्षों के साथ सहमति बनाते हुए समस्या के समाधान का रास्ता निकाला जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संयुक्त व्यापार मंडल के अभिलाष जैन, अजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल ने प्रभारी मंत्री से मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की। वहीं व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इस बार उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान अवश्य निकलेगा।

Author

Related Articles

Back to top button