बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बिना तिरपाल, ओवरलोड एवं नियम विरुद्ध परिवहन पर बड़ा प्रहार, कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर 5 मालवाहन व 8 ऑटो जब्त

सिंगरौली। जिले में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर गौरव बैनल के सख्त निर्देशों के पालन में 25 जुलाई 2026 को चार विभागों की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। हाल ही में आयोजित टाइमलाइन समीक्षा बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जिले में ओवरलोडिंग, अवैध खनिज परिवहन, बिना तिरपाल खुले में फ्लाई ऐश एवं कोयले का परिवहन, यातायात नियमों का उल्लंघन तथा पर्यावरण प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर के इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन ने खनिज विभाग, परिवहन विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ सघन अभियान प्रारंभ किया।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशन में संयुक्त टीम ने मोरबा, शुक्ला मोड़, एनटीपीसी गेट एवं कांटा मोड़ क्षेत्र में लगातार जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित वाहन, ओवरलोड मालवाहन, बिना तिरपाल खुले में फ्लाई ऐश एवं कोयले का परिवहन करने वाले वाहन, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन, बिना वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों की गहन जांच की गई।

संयुक्त टीम ने मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध पंचनामा तैयार कर मोटरयान अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रारंभ की। अभियान के दौरान 5 मालवाहक वाहनों को जब्त कर थाना मुरवा में सुरक्षा की दृष्टि से रखा गया, जबकि नियम विरुद्ध संचालित 8 ऑटो को जब्त कर विंध्यनगर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया। इसके अतिरिक्त कई अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों में अनियमितता पाए जाने पर चालानी कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना तिरपाल खुले में फ्लाई ऐश एवं कोयले का परिवहन न केवल मोटरयान अधिनियम एवं पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर उड़ने वाली धूल आमजन के स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। इसी प्रकार ओवरलोड वाहन दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ाने के साथ-साथ सड़कों को भी भारी क्षति पहुंचाते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग एवं पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध संयुक्त जांच अभियान निरंतर जारी रखा जाए तथा किसी भी वाहन संचालक या परिवहनकर्ता को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं कानून का प्रभावी पालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर गौरव बैनल के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगामी दिनों में और अधिक व्यापक स्तर पर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जिले में सुरक्षित, प्रदूषण-मुक्त एवं नियमसम्मत परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button