सड़क हादसों को लेकर जनपद सदस्य ने उठाए सवाल
पूछा- आम जनता की सड़कों पर बड़े कोल वाहनों के संचालन की अनुमति किस अधिकार के तहत दी गई?

सिंगरौली। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जनपद पंचायत बैढ़न के वार्ड क्रमांक-11 सखौहां के जनपद सदस्य पारसनाथ प्रजापति ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
पारसनाथ प्रजापति ने कहा कि सिंगरौली में आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. से सवाल करते हुए कहा कि आखिर किस अधिकार के तहत आम जनता की सड़कों पर अदानी सहित अन्य औद्योगिक कंपनियों के बड़े कोल वाहनों का संचालन कराया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क हादसों के बाद पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के बजाय प्रशासनिक स्तर पर केवल आर्थिक सहायता देकर मामला शांत करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।
जनपद सदस्य ने कहा कि औद्योगिक विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ आम जनता की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि औद्योगिक कंपनियों के भारी वाहनों के संचालन, सड़क सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं के कारणों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए।उन्होंने कहा कि हादसों में मौत होने पर केवल वाहन चालक या वाहन मालिक पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहन संचालन से जुड़ी कंपनियों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। पारसनाथ प्रजापति ने जिलेवासियों से संविधान के माध्यम से अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए आवाज उठाने की अपील की।











