बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान तेज, जिलेभर में पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान

स्कूलों, कंपनियों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत रविवार को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

चौकी सासन पुलिस ने रिलायंस कंपनी में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितधारकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशामुक्त कार्यस्थल और परिवार बनाने का संदेश दिया।

चौकी गोभा पुलिस ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गोभा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली और उज्ज्वल भविष्य के महत्व से अवगत कराया तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

चौकी बगदरा (थाना गढ़वा) में वन विभाग के सहयोग से बैगा समुदाय के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

थाना सरई पुलिस ने नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की।

वहीं थाना नवानगर पुलिस ने निगाही न्यू शॉपिंग सेंटर में व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button