ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

एमपी के 6500 बिजली संविदाकर्मियों को राहत

नियमितीकरण के लिए देनी होगी परीक्षा, मेरिट में मिलेगा वरिष्ठता का लाभ

भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश के बिजली विभाग में कार्यरत करीब 6500 संविदाकर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। ऊर्जा विभाग ने संविदा कर्मचारियों को नियमित पदों पर नियुक्ति का अवसर देने के लिए परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षा में सफल कर्मचारियों को रिक्त नियमित पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।

ऊर्जा विभाग ने इस योजना को “संविदा आधार पर कार्यरत कार्मिकों की समकक्ष नियमित पदों पर नवीन नियुक्ति योजना-2026” नाम दिया है। इसके तहत पात्र संविदा कर्मचारियों को परीक्षा में शामिल होकर नियमित नौकरी पाने का मौका मिलेगा। परीक्षा के बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी, जिसमें कर्मचारियों को उनकी वरिष्ठता के आधार पर बोनस अंक भी दिए जाएंगे।

इन कंपनियों के कर्मचारी होंगे पात्र

योजना का लाभ मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी और मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी में कार्यरत पात्र संविदा कर्मचारियों को मिलेगा।

इन पदों के कर्मचारी दे सकेंगे परीक्षा

लाइन अटेंडेंट, टेस्टिंग अटेंडेंट, जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर जैसे पदों पर कार्यरत संविदाकर्मी इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे। हालांकि परीक्षा में शामिल होने का अवसर केवल एक बार मिलेगा।

दो साल की सेवा जरूरी

योजना के अनुसार वही संविदाकर्मी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने स्वीकृति तिथि तक संबंधित कंपनी में कम से कम दो वर्ष की संविदा सेवा पूरी की हो। सेवा अवधि का प्रमाण पत्र कार्यपालन अभियंता या उससे वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जारी किया जाएगा।

ऊर्जा विभाग ने इस योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों को सौंपी है। हालांकि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी को इस नियमितीकरण योजना से बाहर रखा गया है।

Author

Related Articles

Back to top button