बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: एमपी में 6 ट्रेनें रद्द, दो के बदले रूट; चंबल एक्सप्रेस 3.30 घंटे देरी से चलेगी

ट्रैक दोहरीकरण कार्य के चलते रेलवे ने बदला शेड्यूल, 28 से 30 जुलाई तक प्रभावित रहेंगी कई ट्रेनें

भोपाल। मध्यप्रदेश से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मानिकपुर रेलखंड के मऊरानीपुर-रोरा स्टेशन के बीच चल रहे ट्रैक दोहरीकरण कार्य के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इसके तहत छह ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि दो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। वहीं एक ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चलेगी।

रेलवे के अनुसार रेल सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण कार्यक्रम में बदलाव के कारण नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की समय-सारणी में भी परिवर्तन किया गया है। अब रेल सुरक्षा आयुक्त 29 जुलाई को निरीक्षण करेंगे।

दो ट्रेनों का बदला मार्ग

ट्रेन संख्या 19666 उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस 28 जुलाई को अपने निर्धारित मार्ग झांसी-महोबा-खजुराहो के स्थान पर झांसी-दैलवारा-बिरारी-खजुराहो मार्ग से चलेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस 29 जुलाई को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण महोबा सहित कुछ स्टेशनों पर यात्रियों को ठहराव की सुविधा नहीं मिलेगी।

ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 11801 ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस 28 और 29 जुलाई को रद्द रहेगी। वहीं 11802 प्रयागराज-ग्वालियर एक्सप्रेस 29 और 30 जुलाई को नहीं चलेगी।

इसके अलावा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा मेमू (64613) और बांदा-झांसी मेमू (64614) 28 एवं 29 जुलाई को निरस्त रहेंगी। झांसी-मानिकपुर मेमू (64611) 29 जुलाई और मानिकपुर-झांसी मेमू (64612) 30 जुलाई को रद्द रहेगी।

चंबल एक्सप्रेस भी होगी प्रभावित

ट्रेन संख्या 20975 हावड़ा-आगरा कैंट चंबल एक्सप्रेस 28 जुलाई को अपने निर्धारित समय से करीब 3 घंटे 30 मिनट देरी से चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button