पैंट में पेशाब करने पर मासूम को प्रताड़ित करने का आरोप, शिक्षिका और प्रधानाचार्य पर एफआईआर
5 साल के बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक प्ले स्कूल में पांच वर्षीय मासूम छात्र के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अकथा स्थित सिरीन सोनी प्ले स्कूल में नर्सरी के छात्र के साथ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। मामले में पुलिस ने शिक्षिका, प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे के पिता की शिकायत के अनुसार, कक्षा के दौरान बच्चे ने टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन उसे जाने नहीं दिया गया। इसके बाद बच्चे से पैंट में पेशाब हो गया। आरोप है कि इससे नाराज शिक्षिका प्रीति कुशवाहा बच्चे को दूसरे कमरे में ले गई और गर्म चाकू से उसे दाग दिया।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और दर्द की शिकायत की। जांच करने पर शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। पूछताछ करने पर बच्चे ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी शिक्षिका प्रीति कुशवाहा, प्रधानाचार्य हेमलता सिंह और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अतुल सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है। बच्चे का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।













