बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जिला अस्पताल के NICU में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 3 नवजात झुलसे; जबलपुर में एक की मौत

एक ही डोली में रखे थे तीनों बच्चे, आग लगते ही मची अफरा-तफरी; स्टाफ ने अग्निशामक से पाया काबू

जबलपुर/छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में शनिवार तड़के आग लगने से तीन नवजात बच्चे झुलस गए। गंभीर हालत में तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई। हादसा रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार NICU में एक प्लग में शॉर्ट सर्किट होने के बाद उस डोली में आग लग गई, जिसमें तीनों नवजात रखे गए थे। आग ने डोली में लगे प्लास्टिक और कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय तीनों बच्चों की उम्र करीब 6 से 12 दिन बताई गई है।

आग लगते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल अग्निशामक यंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुबह करीब 5 बजे जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

डॉक्टर कंचन दुबे के अनुसार बच्चों के शरीर का कितना हिस्सा झुलसा है, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर सर्जरी भी की जा सकती है। जिला अस्पताल में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को जबलपुर रेफर किया गया था।

घटना के समय NICU में 20 से अधिक नवजात और तीन स्टाफ सदस्य मौजूद थे। राहत की बात रही कि आग एक ही यूनिट तक सीमित रही। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन भी आग के कारण और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रहा है।

परिजनों ने प्रशासन से बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जबलपुर में इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है।

Author

Related Articles

Back to top button