नाबालिग से दुष्कर्म और मानव व्यापार के मामले में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

सिंगरौली। थाना जियावन पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म, अपहरण और मानव व्यापार के गंभीर मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 123/2026 में 13 वर्षीय बालिका की शिकायत पर पोक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने, बंधक बनाने और विभिन्न स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप सामने आए। मामले में मानव व्यापार से संबंधित धारा भी जोड़ी गई थी। प्रकरण में एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने दोनों पर दो-दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट की तामीली के लिए थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेष नारायण दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर रज्जू बसोर (47) निवासी कुर्सा और लंगड़िया उर्फ रमपतिया बसोर (50) निवासी चटैनिहा खम्हारपानी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रज्जू बसोर के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई, जबकि पुलिस के अनुसार लंगड़िया ने पीड़िता का आधार कार्ड जलाकर साक्ष्य नष्ट करने की बात स्वीकार की।
कार्रवाई में एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा, एसडीओपी डॉ. गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में एएसआई दिनेश कुमार, प्रधान आरक्षक दिलीप तिवारी और महिला आरक्षक जया दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











