देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सिंगापुर जा रही इंडिगो फ्लाइट की त्रिची में इमरजेंसी लैंडिंग, ढाई घंटे हवा में चक्कर लगाता रहा विमान

तकनीकी खराबी के बाद पायलट ने एटीसी से किया संपर्क, 127 यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया

चेन्नई। सिंगापुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार शाम तकनीकी खराबी आने के बाद त्रिची एयरपोर्ट पर उसकी आपात लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 127 यात्री सवार थे। तकनीकी समस्या का पता चलने के बाद पायलट ने तत्काल त्रिची एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को वापस त्रिची लाने की प्रक्रिया शुरू की।

जानकारी के अनुसार विमान ने शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे त्रिची एयरपोर्ट से सिंगापुर के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया गया।

आपातकालीन लैंडिंग से पहले विमान को करीब ढाई घंटे तक आसमान में चक्कर लगाना पड़ा। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान का वजन निर्धारित सीमा में लाना और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त ईंधन कम करना जरूरी था। इसी कारण पायलट ने विमान को कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाते हुए ईंधन कम किया, ताकि सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सके।

त्रिची एयरपोर्ट के निदेशक गोपालकृष्णन के अनुसार पूरी प्रक्रिया के दौरान एयरपोर्ट प्रशासन और एटीसी की टीम पायलट के संपर्क में रही। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर सभी आवश्यक आपातकालीन व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी गई थीं।

करीब रात 9 बजे विमान को त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकालने के बाद इंडिगो ने उन्हें सिंगापुर पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।

फिलहाल एयरलाइन की ओर से तकनीकी खराबी की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। मामले की जांच के बाद ही समस्या की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Author

Related Articles

Back to top button