देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पानी की टंकी में मिले एक ही परिवार के चार शव, जैसलमेर की घटना से सनसनी

पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की मौत, आत्महत्या सहित सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र स्थित लोहारकी गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव पानी की टंकी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे जसराज सुथार के भाई ने उन्हें पानी की टंकी की ओर जाते देखा। कुछ ही देर बाद शोर मचने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चारों की डूबने से मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान 29 वर्षीय जसराज सुथार, उनकी 25 वर्षीय पत्नी निर्मा सुथार, 10 वर्षीय पुत्र भरत और 5 वर्षीय पुत्री मनीषा के रूप में हुई है। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने चारों शव टंकी से बाहर निकलवाए और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना से लोहारकी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाह या अटकलों पर विश्वास न करें।

Author

Related Articles

Back to top button