बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

खेतों में रोपाई कर रहे ग्रामीणों पर गिरी बिजली, 3 की मौत और कई घायल

शहडोल में बारिश के दौरान हुआ हादसा, 11 साल के बच्चे ने भी गंवाई जान

शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र सहित अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 11 साल का बच्चा भी शामिल है।

पहली घटना झींक बिजुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम झींक में हुई। यहां ग्रामीण धान की रोपाई कर रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में किशन (28) की पत्नी राकेश गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शहडोल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं।

खेत में काम कर रहे किसान की मौत

दूसरी घटना दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में हुई। यहां खेत में रोपाई का काम कर रहे किसान सुंदर (45) पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। इसी क्षेत्र के रेकोवा गांव में भी खेत में काम कर रहे दो लोग बिजली की चपेट में आकर झुलस गए।

11 वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत

तीसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा में सामने आई। तेज बारिश के दौरान घर के बाहर खड़े 11 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह पिता प्रेमलाल सिंह पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी भाभी भी घायल हुई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button