सरस्वती शिशु मंदिर के 38वें स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान
प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने कहा- शिक्षा और संस्कार से ही होगा सशक्त राष्ट्र का निर्माण

सिंगरौली। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विंध्यनगर के 38वें स्थापना दिवस पर उमंग भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके मुख्य अतिथि रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने की।

समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। प्रभारी मंत्री ने शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संवर्धन का कार्य सराहनीय है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने विद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान समाज में संस्कारवान एवं राष्ट्रभक्त नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र कुमार मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री अमित दवे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक प्रशांत जी, जिला संघ चालक अनिल झा, विद्यालय के प्राचार्य वैकुंठ प्रसाद शाह, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













