बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अदाणी फाउंडेशन की ‘उड़ान’ परियोजना का नए सत्र के साथ शुभारंभ, विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण

सिंगरौली: अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘उड़ान’ परियोजना का वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए शुभारंभ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करसुआराजा के विद्यार्थियों के बंधौरा स्थित थर्मल पावर प्लांट के औद्योगिक भ्रमण के साथ किया गया। शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों तथा विभिन्न करियर अवसरों से परिचित कराना है, ताकि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और औद्योगिक अनुभव प्राप्त हो सके। औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्लांट की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया तथा विशेषज्ञ अधिकारियों से ऊर्जा उत्पादन, सुरक्षा प्रबंधन और आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक तथा भविष्य की करियर योजना के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्लांट के चीफ बिजनेस ऑफिसर श्री वी. भानु प्रकाश राव, एचआर प्रमुख श्री घनश्याम दास गर्ग, ऑपरेशन्स एंड मैनेजमेंट विभाग से श्री सूरज, सीएसआर हेड श्री मनोज प्रभाकर, अदाणी फाउंडेशन की टीम तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करसुआराजा के शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक एवं औद्योगिक अनुभव के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि ‘उड़ान’ परियोजना विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने, उनके कौशल का विकास करने तथा उन्हें भविष्य के करियर के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में ‘उड़ान’ परियोजना के अंतर्गत 117 औद्योगिक भ्रमण आयोजित किए गए, जिनमें 6,117 विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद वित्तीय वर्ष 2026–27 की शुरुआत भी उत्साहपूर्वक की गई है। परियोजना के माध्यम से आने वाले समय में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को औद्योगिक वातावरण का व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उनके कौशल विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग किया जाएगा।

‘उड़ान’ कार्यक्रम के तहत माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रतिष्ठानों का भ्रमण कराया जाता है। इन भ्रमणों के दौरान विद्यार्थी बिजली उत्पादन, ट्रांसफॉर्मर की कार्यप्रणाली, कोयला एवं भाप से ऊर्जा उत्पादन जैसी प्रक्रियाओं को नज़दीक से समझते हैं। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा उन्हें तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और करियर निर्माण से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाता है। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल शिक्षा और उद्योग के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक परिवेश से जोड़ने की उसकी सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Author

Related Articles

Back to top button