हरियाणा में पूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करने पर राज्यपाल से मिले एडीजी, पुनर्वास निदेशालय

मनोज शर्मा,चंडीगढ़ : 27 जुलाई 2026 अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी), पुनर्वास निदेशालय (पश्चिम क्षेत्र), ब्रिगेडियर सुधीर मलिक ने 27 जुलाई 2026 को चंडीगढ़ स्थित लोक भवन, हरियाणा में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत महानिदेशालय पुनर्वास (डीजीआर) द्वारा पूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की विस्तृत जानकारी दी।
एडीजी ने कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं तथा पूर्व सैनिकों के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों, विशेष रूप से हरियाणा में उपलब्ध संभावनाओं, से भी माननीय राज्यपाल को अवगत कराया।
बैठक के दौरान राज्य स्तर पर पूर्व सैनिकों के पुनर्वास से संबंधित नीतिगत ढांचे, स्ट्रैटेजिक ट्रांजिशन सपोर्ट, राज्य सरकार एवं सार्वजनिक उपक्रमों में पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण तथा हरियाणा में हाल ही में रोजगार आरक्षण से जुड़े नीति संशोधनों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

ब्रिगेडियर सुधीर मलिक ने राज्यपाल को डीजीआर द्वारा संचालित कौशल उन्नयन कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि कॉर्पोरेट एवं सार्वजनिक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम विकसित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, पूर्व सैनिकों के पुनः रोजगार एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र में नियुक्ति के लिए रोजगार मेलों के आयोजन जैसी पुनर्वास सहायता पहलों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया।
उन्होंने हरियाणा में पूर्व सैनिक निगम (एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन) के अभाव की ओर भी ध्यान आकर्षित किया तथा राज्य में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रभावी पुनर्वास और कल्याण के लिए ऐसे संस्थागत तंत्र की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों के लिए राज्य में सहायता तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने, उनके लिए सम्मानजनक द्वितीय करियर के अवसर विकसित करने तथा पुनर्वास संबंधी पहलों को और प्रभावी बनाने पर गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने हरियाणा में पूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं रोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों के प्रति अपना पूर्ण समर्थन भी व्यक्त किया।













