नवनियुक्त एल्डरमैन का विधायक एवं नगर निगम अध्यक्ष ने किया आत्मीय स्वागत
विधायक एवं नगर निगम अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

सिंगरौली, नगर पालिक निगम सिंगरौली के नवनियुक्त एल्डरमैनों का नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय के आवास पर गरिमामय एवं आत्मीय वातावरण में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सिंगरौली विधायक श्री राम निवास शाह एवं नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने नवनियुक्त एल्डरमैन श्री कालिका गुप्ता, श्रीमती किरण सोनी, श्रीमती गिरजा पाण्डेय, श्री मान प्रसाद पाल, श्री सम्पत शाह, श्री किरण सागर खैरवार, श्री नीरज सिंह परिहार एवं श्री हरिदास गुप्ता का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक श्री राम निवास शाह ने कहा कि नगर निगम के एल्डरमैन परिषद के महत्वपूर्ण सदस्य होते हैं। उनके अनुभव, सुझाव एवं सक्रिय सहभागिता से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्यों की निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को समझते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए भी निरंतर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त एल्डरमैन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने में एल्डरमैनों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों से नगर हित के प्रत्येक विषय पर सकारात्मक सुझाव एवं सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त एल्डरमैनों ने विधायक एवं नगर निगम अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ करेंगे। उन्होंने नगर के विकास, नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर पार्षद श्रीमती सीमा जयसवाल, भारतेन्दु पाण्डेय, राम नरेश शाह, आषीश बैस सहित जन प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।













