बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भाजपा जिला कार्यालय में संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में कार्यशाला आयोजित

29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा 'समरसता संकल्प अभियान

सिंगरैली- भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाले सामाजिक सद्भाव के कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराना रहा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जो जिले भर में गुरु पूर्णिमा से लेकर 20 फरवरी (संत रविदास जी महाराज जयंती) तक चलने वाले सभी कार्यक्रमों की देखरेख करेगी।

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के इस पावन अवसर पर 29 जुलाई, 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी, 2027 (संत रविदास महाराज जयंती) तक राष्ट्रव्यापी “गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान” आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन, उनके समता भाव, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश का व्यापक प्रसार किया जाएगा।

आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ संत रविदास महाराज, भारत माता, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री एवं सिंगरौली जिला प्रभारी मंत्री संपत्तिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह मौजूद रहीं।

संत रविदास जी के सिद्धांतों पर चल रही मोदी और प्रदेश सरकार: प्रभारी मंत्री

मुख्य अतिथि एवं प्रभारी मंत्री संपत्तिया उइके ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा:
“भारतीय जनता पार्टी सदैव सामाजिक कल्याण और सद्भाव के निमित्त कार्य करती है। सामाजिक समरसता की प्रतिमूर्ति संत शिरोमणि रविदास जी महाराज का प्रमुख कथन था—
‘ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसैं, रविदास रहे प्रसन्न॥’
इसी सिद्धांत पर चलते हुए आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शोषित, पीड़ित और वंचित समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। जरूरतमंदों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। भाजपा संगठन और सरकार संतों व समाज सुधारकों के विचारों को आत्मसात कर जन-जन तक पहुँचा रही है।”

“जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई, सामाजिक सद्भाव पर दिया जोर”

भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में तय रूपरेखा के अनुसार आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने और सामाजिक समरसता कायम करने के लिए समर्पित संगठन है।
इसके साथ ही, जिलाध्यक्ष ने गत दिवस प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
मनोनीत पार्षद सदस्यों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान हाल ही में राज्य सरकार द्वारा मनोनीत नगर निगम एल्डरमैन एवं नगर परिषद सदस्यों को प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों द्वारा शॉल-श्रीफल से सम्मानित कर शुभकामनाएँ दी गईं।

इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक डॉ. राजेंद्र मेश्राम, देवसर जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, कार्यक्रम के जिला संयोजक दिलीप शाह, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री सीमा जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता,पूर्व विधायक सुभाष वर्मा, बरगवां नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला देवी, चितरंगी जनपद अध्यक्ष सिया दुलारी साकेत की गरिमामई उपस्थिति रही
कार्यक्रम का कुशल मंचीय संचालन जिला महामंत्री विक्रम सिंह ने किया। कार्यशाला में भाजपा के जिला पदाधिकारी, इस कार्यक्रम निमित्त गठित टोली के सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button