बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मकान पर गिरी
गांदरबल हादसे में 30 श्रद्धालु घायल, कई की हालत गंभीर; राहत-बचाव अभियान जारी

गांदरबल। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार को अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गुंड क्षेत्र में एक खतरनाक मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे बने एक मकान पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 39 श्रद्धालु सवार थे, जो बाबा बर्फानी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में लगभग 30 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों ने चलाया राहत अभियान
बताया जा रहा है कि पहाड़ी मार्ग पर बस चालक का नियंत्रण बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। बस सड़क से फिसलते हुए सीधे रिहायशी मकान पर जा गिरी। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
इसके बाद पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और भारतीय सेना की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों से ली जानकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताया और अधिकारियों से राहत एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग को श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।













