जापान में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी अलर्ट जारी; चीन में भी 20 मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती

टोक्यो। जापान के दक्षिणी क्यूशू क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। भूकंप के बाद प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत समुद्र और समुद्री तटों से दूर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप के बाद करीब 1 मीटर (3.28 फीट) ऊंची सुनामी लहरें उठने की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों के लिए आपातकालीन चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
उधर, चीन के छिंगहाई प्रांत में भी मंगलवार सुबह करीब 20 मिनट के अंतराल में दो भूकंप दर्ज किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक पहला भूकंप सुबह 11:16 बजे 5.7 और दूसरा 11:34 बजे 5.8 तीव्रता का था। दोनों भूकंप जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में आए।
भूकंप के झटके पड़ोसी गांसू प्रांत के प्रमुख शहर लानझोउ तक महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घरों के भीतर लगे लैंप और अन्य सामान हिलते दिखाई दिए। हालांकि चीन में भी फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं मिली है। दोनों देशों की आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।













