हर घर तिरंगा-2026 अभियान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर होगा सामूहिक गायन

सिंगरौली,/ भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं संचालनालय स्वराज संस्थान, संस्कृति विभाग भोपाल के निर्देशानुसार जिले में हर घर तिरंगा-2026 अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना तथा तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है।
कलेक्टर श्री गौरव ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। ग्रामीण क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री जगदीश कुमार गोमे तथा शहरी क्षेत्र के लिए नगर पालिक निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के दौरान वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों में सामूहिक गायन भी आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता कर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है।













