हरियाली के प्रहरी बने 133 ईको टास्क फोर्स के जवान, पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल बनी आकर्षण का केंद्र

मनोज शर्मा,चंडीगढ़,28 जुलाई 2026 । मुख्यालय पश्चिमी कमान के अधीन 133 ईको टास्क फोर्स (प्रादेशिक सेना) डोगरा ने यूटी वन विभाग, चंडीगढ़ द्वारा लेक क्लब क्षेत्र, चंडीगढ़ में आयोजित वन महोत्सव पौध मेला में भाग लिया। इस अवसर पर यूनिट द्वारा अपने वनीकरण अभियानों, नवग्रह वाटिका तथा अन्य पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहलों का एक विशेष प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल विनय पठानिया ने राजेश प्रसाद, आईएएस, मुख्य सचिव, यूटी चंडीगढ़ को चंडीगढ़ में यूनिट द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियानों, नवग्रह वाटिका तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित अन्य विषयगत (थीमैटिक) वृक्षारोपण परियोजनाओं की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने 133 ईको टास्क फोर्स (प्रादेशिक सेना) डोगरा द्वारा सतत पर्यावरण संरक्षण तथा नवाचारपूर्ण वृक्षारोपण पहलों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।













