स्वैच्छिकता पर्व में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ, विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण

सिंगरौली। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के नेतृत्व में नवांकुर संस्था सुसंस्कार सोशल डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा सीएम राइज विद्यालय खुटार में स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया तथा सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान नवांकुर संस्था के सदस्यों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक रजनीश मिश्रा, सीएम राइज विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के.डी. पाण्डेय, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नवांकुर संस्था की ओर से कार्यक्रम समन्वयक शिवगंगा शाह, सह समन्वयक सावित्री प्रजापति, पूर्व मेंटर अभिषेक उपाध्याय, नगर विकास प्रस्फुटन समिति खुटार के प्रतिनिधि, सीएम इंटर्नशिप के प्रतिभागी तथा अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज और हरित पर्यावरण, दोनों ही स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की आधारशिला हैं। युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।













