Blog

गुरु वंदना से गूंजा सांदीपनि विद्यालय, सेवानिवृत्त गुरुओं का हुआ सम्मान

 

सिंगरौली। सांदीपनि विद्यालय बरगवां में बुधवार को गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने गुरु वंदना, सरस्वती वंदना एवं प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को प्रदर्शित किया।


कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आत्माराम बैस ने बताया कि समारोह दो पालियों में आयोजित किया गया। प्रथम पाली की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक विनोद कुमार बैस ने की। उन्होंने कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है और गुरु ही विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करते हैं। इस दौरान आराधना पाण्डेय ने गीत प्रस्तुति के माध्यम से आत्मबल एवं सकारात्मक सोच का संदेश दिया, वहीं संजय दीक्षित ने भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के प्रसंग से गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता को समझाया।

द्वितीय पाली का आयोजन प्राचार्य रामकृष्ण शुक्ला की अध्यक्षता में हुआ। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भाषणों के माध्यम से गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उपप्राचार्य डॉ. पवन कुमार तिवारी ने कहा कि अनुशासन, संस्कार और गुरुजनों के प्रति सम्मान विद्यार्थियों के जीवन की सफलता का आधार है।

समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सेवानिवृत्त गुरुओं का श्रीफल, शॉल एवं सम्मान चिह्न भेंट कर भावपूर्ण अभिनंदन किया गया। सक्षम इंटरप्राइजेज द्वारा गुरुओं को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया।कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण के साथ गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button