बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

25 साल से सड़क-पुलिया की राह देख रहा मदरहिया टोला, बारिश में थम जाता है ग्रामीणों का जीवन

खड्डौली के ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, सड़क निर्माण की मांग

सिंगरौली। जिले के देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खड्डौली के मदरहिया टोला के ग्रामीण पिछले 25 वर्षों से सड़क और पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए इंतजार कर रहे हैं। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्टर को आवेदन सौंपकर शीघ्र सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में रास्ते में कीचड़ और पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क टूटने जैसी स्थिति बन जाती है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग से लगभग 150 घरों की आबादी जुड़ी हुई है।
ग्रामीण संतोष कुमार साकेत ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों को उफनती नदी और जोखिम भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार एंबुलेंस तक गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कलेक्टर से मौके का निरीक्षण कर सड़क और पुलिया निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने की मांग की है।

वहीं देवसर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सूरज मिश्रा ने कहा कि पहले गांव की समस्या की जांच कराई जाएगी। यदि सड़क और पुलिया की आवश्यकता पाई जाती है तो टीम भेजकर स्थल निरीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button