बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बिजली विभाग के अधिकारी से अभद्रता का आरोप, डॉक्टर पर एफआईआर नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश

सीसीटीवी फुटेज के साथ कोतवाली पहुंचे कर्मचारी, 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी

सिंगरौली। जिले के बिलौजी स्थित ओम साई हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विनोद विश्वकर्मा पर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर बिजली विभाग की टीम अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अस्पताल संचालक और बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि डॉ. विनोद विश्वकर्मा ने विभाग के अधिकारी जसप्रीत सिंह के साथ गाली-गलौज की और मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी।

बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसके बाद कर्मचारी सीसीटीवी फुटेज और शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे तथा संबंधित चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

हालांकि कर्मचारियों का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। उनका कहना है कि डॉक्टर के प्रभाव के कारण कार्रवाई में देरी की जा रही है।

घटना से नाराज बिजली विभाग के कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी स्थिति में जिले की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है।फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button