बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सर्पदंश से पीड़ित बेटे को लेकर निकला परिवार, रास्ते में खाई में गिरी बाइक; पिता-पुत्र की मौत

चितरंगी के नौगई पहाड़ में दर्दनाक हादसा, मां गंभीर; एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

सिंगरौली। चितरंगी क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जहरीले सांप के काटने से पीड़ित बेटे को अस्पताल पहुंचाने जा रहे परिवार की बाइक नौगई पहाड़ के अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार दुधमनिया तहसील अंतर्गत ग्राम पोड़ी तृतीय निवासी प्रदीप पनिका (25) बुधवार सुबह घर में मवेशियों के लिए भूसा निकाल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी लेकर रवाना हुए। बाइक पर प्रदीप के साथ उसके पिता श्रीलाल पनिका और मां इन्द्रकली भी सवार थीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही नौगई जंगल के अंधे मोड़ पर बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे से नीचे करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि श्रीलाल पनिका की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं गंभीर रूप से घायल प्रदीप और उसकी मां इन्द्रकली को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान प्रदीप ने भी दम तोड़ दिया।इन्द्रकली की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत से ग्राम पोड़ी तृतीय सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button