गुरु पूर्णिमा पर मां धनौजा मंदिर में गूंजा अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ

सरई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मां धनौजा मंदिर प्रांगण में पांच घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। परम पूज्य परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। भगवती मानव कल्याण संगठन के पदाधिकारी, गुरु भाई-गुरु बहन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सामूहिक पाठ, गुरु वंदना और आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु कृपा का स्मरण किया।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने शक्ति जल प्रसाद एवं महाप्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। उन्होंने मां भगवती से सुख, शांति और निष्काम भक्ति की कामना की।













