बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्टाम्प की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, दो विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

रिकॉर्ड जब्त, जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

सिंगरौली। जिले के तहसील एवं न्यायालय परिसर में भारतीय गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर की कथित कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। आम लोगों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि कुछ स्टाम्प विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल रहे हैं।

शिकायतों के अनुसार 10 रुपये के स्टाम्प पेपर को 40 से 50 रुपये तक में बेचे जाने की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंजीयक (डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार) पी.पी.एस. तोमर को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद जिला पंजीयक अपनी टीम के साथ एसडीएम कार्यालय स्थित तहसील परिसर पहुंचे और वहां संचालित दो स्टाम्प विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की।

कार्रवाई के दौरान दोनों विक्रेताओं के बिक्री रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। प्रशासन अब रिकॉर्ड की जांच कर यह पता लगाएगा कि स्टाम्प की बिक्री निर्धारित दरों के अनुसार की गई थी या नहीं।

जिला पंजीयक ने कहा कि जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित स्टाम्प विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप की स्थिति रही।

वहीं, आम लोगों ने प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इस कार्रवाई से स्टाम्प की कालाबाजारी पर रोक लगेगी और नागरिकों को निर्धारित मूल्य पर स्टाम्प उपलब्ध हो सकेंगे।

Author

Related Articles

Back to top button