राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे सेंट जोसेफ स्कूल के खिलाड़ी
भोपाल के लिए रवाना हुई टीम, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने दी शुभकामनाएं

सिंगरौली। सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी कॉन्वेंट स्कूल, बिलौजी-बैढ़न के छात्र-छात्राओं की टीम राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गुरुवार को भोपाल रवाना हुई। खिलाड़ियों को विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने शुभकामनाएं देते हुए उत्साह के साथ विदाई दी।
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले खिलाड़ियों ने बताया कि उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए लंबे समय से नियमित अभ्यास किया है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के आधार पर वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
विद्यार्थियों ने कहा कि विद्यालय, शिक्षकों और अभिभावकों से मिले सहयोग और प्रोत्साहन ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और सिंगरौली जिले का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखा है।
विद्यालय के कई खिलाड़ी पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इस बार भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यालय की खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और अनुशासन की सराहना की। खिलाड़ियों के रवाना होने के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।













