भिवंडी में चार मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, 6 की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

मुंबई। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कोहिनूर नाम की चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक ढह गई, जिसमें अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भिवंडी पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान तेजी से शुरू किया गया। पोकलेन मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय इमारत में करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से भवन में मरम्मत का कार्य चल रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मरम्मत के दौरान इमारत के तीन प्रमुख पिलर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे भवन कमजोर होकर गिर गया। हालांकि प्रशासन ने इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने से कुछ समय पहले उसमें कंपन और तेज आवाजें महसूस हुई थीं। खतरे को भांपकर कई लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। घटना की जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।













