बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवजीवन रहवासी कल्याण समिति ने कलेक्टर के समक्ष रखी आपत्ति, शिवाजी कॉम्प्लेक्स के लिए वैकल्पिक भवन बनाने की मांग

सिंगरौली। नवजीवन रहवासी कल्याण समिति, विंध्यनगर ने नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा जारी इश्तहार को लेकर कलेक्टर के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई है। समिति ने संबंधित भूखंड पर प्रस्तावित कार्रवाई के स्थान पर पीपीपी मॉडल के माध्यम से शिवाजी कॉम्प्लेक्स के लिए वैकल्पिक भवन निर्माण की मांग रखी है।

समिति की ओर से सचिव शशिधर गर्ग, उपाध्यक्ष बृजेश पांडेय एवं सदस्य राजेश नारायण ने कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इश्तहार और भूखंड से संबंधित विषयों पर कलेक्टर ने करीब आधे घंटे तक उनकी बात सुनी और मामले को गंभीरता से लिया।

समिति के अनुसार, कलेक्टर ने इश्तहार को नियमों के अनुरूप नहीं होने की बात मानते हुए नगर निगम आयुक्त से चर्चा कर इसे रोकने के लिए आश्वस्त किया है। साथ ही शिवाजी कॉम्प्लेक्स के लिए नए भवन निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार करने की बात कही गई है।

बैठक के दौरान समिति ने फ्रीहोल्ड और लीज नवीनीकरण से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी कलेक्टर के समक्ष रखा। इस पर कलेक्टर ने समिति से संबंधित विषयों पर विस्तृत लिखित पत्र प्रस्तुत करने को कहा है। समिति द्वारा आगामी सोमवार तक उक्त पत्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाएगा।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य रहवासियों और व्यवसायियों के हितों को सुरक्षित रखते हुए व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Author

Related Articles

Back to top button