जनता के द्वार पहुंची पुलिस, जन चौपाल में एसपी ने सुनी समस्याएं
"आपकी पुलिस आपके द्वार" कार्यक्रम में नशा, साइबर अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्ती का संदेश

सिंगरौली। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा शुक्रवार को जिलेभर में “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
बलियरी में एसपी ने किया जनसंवाद, समस्याओं के निराकरण का दिया भरोसा
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने कैंप थाना बैढ़न अंतर्गत सामुदायिक भवन बलियरी में आयोजित जन चौपाल में पहुंचकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजाराम केसरी, पार्षद पति अमित यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
एसपी ने नागरिकों को “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने लोगों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की और कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया अपराधों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
जन चौपाल में नागरिकों ने क्षेत्र की समस्याएं पुलिस अधीक्षक के सामने रखीं। लोगों द्वारा सड़क पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की गई, जिस पर एसपी ने संबंधित विभाग से समन्वय कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
अवैध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और अपराध नियंत्रण में सहभागी बनने की अपील की।
विंध्यनगर में एएसपी ने सुनीं समस्याएं
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने थाना विंध्यनगर क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया तथा अन्य शिकायतों के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।
एएसपी ने महिला सुरक्षा, यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव, नशा नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में हुआ आयोजन
सिंगरौली जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जन चौपाल आयोजित कर पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद किया। इस दौरान अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता, नशामुक्ति और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा जनता के साथ खड़ी है और सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज निर्माण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।













