तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आई बाइक, युवक ने छलांग लगाकर बचाई जान
गड़ाखांड़ बाजार में हादसा, क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने मौके पर पहुंचकर की मदद

सिंगरौली। जिले के गड़ाखांड़ बाजार में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन बाइक सवार युवक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे में युवक को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, बंधौरा निवासी युवक बाइक से गड़ाखांड़ बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए हादसे में युवक ने तुरंत बाइक छोड़कर सड़क किनारे छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन की टीम सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची। संगठन के सदस्यों ने घायल युवक को संभाला और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
मौके पर संगठन के राजेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, सूरज सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। टीम ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी संगठन संस्थापक अंकित सिंह को दी, जिन्होंने घायल युवक का हालचाल जाना और हरसंभव मदद के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं और आपात परिस्थितियों में क्षत्रिय कुलावंत संगठन लगातार मानव सेवा का कार्य कर रहा है। संगठन की टीम घायलों को सहायता पहुंचाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए सक्रिय रहती है।
वहीं, घटना के बाद लोगों ने गड़ाखांड़ बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, यातायात निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।













