देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कुलगाम में आतंकियों की कायराना करतूत, छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत; एक घायल

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए हमला किया। शुक्रवार शाम किलम गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर आतंकियों की गोलीबारी में छत्तीसगढ़ निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, आतंकवादी ईंट-भट्ठे पर पहुंचे और वहां काम कर रहे दो मजदूरों पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। घायल मजदूर का उपचार जारी है।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बल संयुक्त रूप से हमलावर आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष मजदूरों पर हमला आतंकियों की कायरता है। उन्होंने अधिकारियों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।

दक्षिण कश्मीर में हाल के दिनों में गैर-स्थानीय लोगों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button