पीएम मोदी ने अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, बोले- निवेश बढ़ेगा तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

आंध्र प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के भोगापुरम में नवनिर्मित अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन आंध्र प्रदेश के विकास और “स्वर्ण आंध्र” के संकल्प के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल हवाई सुविधा का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तर आंध्र के विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य का नया रास्ता खोलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती रहे।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर में तेजी से विकास हुआ है। वर्ष 2014 तक देश में 74 एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 166 हो गई है। उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों के आम नागरिकों को भी हवाई यात्रा का अवसर मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश में सड़क, रेल, पोर्ट और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने सेमीकंडक्टर और अन्य आधुनिक उद्योगों को बढ़ावा देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकार का मंत्र है— “इन्वेस्टमेंट से रोजगार”। निवेश बढ़ने से उत्पादन, निर्यात और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, जिससे लोगों की आय में वृद्धि होती है और परिवारों का जीवन बेहतर बनता है। उन्होंने आंध्र प्रदेश को विकसित भारत के विकास इंजन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।













