क्षत्रिय कुलावत संगठन ने पेश की मानवता की मिसाल
गाय से टकराई बाइक, दंपत्ति समेत दो घायल मासूमों को पहुंचाया अस्पताल

सिंगरौली- मलगा से माडा जा रहा था परिवार तभी अचानक सड़क पर आ गई गाय, जिससे अचानक बाइक गाय से टकराकर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया ।
जानकारी के अनुसार रौंदी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मलगा निवासी सुखदेव सिंह गोंड अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक से माडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक गाय आ गई, जिससे बाइक सीधे उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पहुंची संगठन की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। संगठन के तहसील अध्यक्ष माडा विकेश सिंह एवं सक्रिय सदस्य अवनीश सिंह सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अपने निजी वाहन से माडा अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर में जनपद सदस्य रणधीर सिंह एवं संगठन के अन्य साथी भी अस्पताल पहुंच गए और उपचार के दौरान लगातार घायलों व उनके परिजनों की सहायता में जुटे रहे।
अस्पताल में भी निभाई मानवता की जिम्मेदारी
माडा अस्पताल में उपचार के दौरान संगठन के सदस्यों ने मानवता की मिसाल पेश की। विकेश सिंह ने घायल बच्चों को संभालकर उनका हौसला बढ़ाया, जबकि रणधीर सिंह ने स्वयं घायलों के घाव रुई से साफ कर उपचार में सहयोग किया। संगठन के सदस्यों ने चिकित्सकों से समन्वय बनाकर हरसंभव मदद की और यह सुनिश्चित किया कि घायलों को समय पर आवश्यक चिकित्सा मिल सके।
बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल किया गया रेफर
माडा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
संस्थापक अंकित सिंह ने जताया आभार
क्षत्रिय कुलावंत संगठन के संस्थापक अंकित सिंह ने कहा सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही हमारी टीम बिना किसी भेदभाव के तत्काल सहायता के लिए पहुंचती है। हमारा उद्देश्य घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाना है। रणधीर सिंह जी, विकेश सिंह जी, अवनीश सिंह जी एवं सभी साथियों ने देर रात जिस सेवा भावना का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। संगठन उनकी इस निस्वार्थ सेवा के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है।
जिले में आवारा पशु बन रहे हादसों की बड़ी वजह
सिंगरौली जिले में सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु लगातार सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं। विशेषकर रात्रि के समय अचानक मवेशियों के सड़क पर आ जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बीते कुछ समय में ऐसे कई हादसों में लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बावजूद इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
प्रशासन से मांग
अंकित सिंह ने जिला प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि जिले में आवारा पशुओं के संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था की जाए। प्रमुख सड़कों से निराश्रित मवेशियों को हटाने, गौशालाओं की व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेत लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे लगातार होते रहेंगे और कई परिवार इसकी कीमत चुकाते रहेंगे।
लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने वाहन चालकों से विशेषकर रात्रि के समय नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा सड़क पर अचानक आने वाले आवारा पशुओं से सतर्क रहने की अपील की है। संगठन ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समय पर की गई मदद किसी की जान बचा सकती है और यही मानवता की सबसे बड़ी पहचान है।













