कोल परिवहन रोकने और अड़ीबाजी करने के आरोप में 3 लोग पुलिस अभिरक्षा में, सरई थाना प्रभारी की कार्रवाई

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में कोल परिवहन रोकने और अड़ीबाजी करने के आरोप में पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना प्रभारी प्रहलाद मश्कोले के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को परफेक्ट सिक्योरिटी के कुछ सुरक्षा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर कोयला परिवहन करने वाले वाहनों को खड़ा कर दिया था। इस दौरान प्रबंधन की ओर से उन्हें समझाइश दी जा रही थी कि उनकी मांगों का निराकरण उचित माध्यम से कराया जाएगा।पुलिस के मुताबिक, इसी स्थिति का फायदा उठाकर ग्राम खनुआ तिराहा पर राजीव उर्फ राजू साकेत ने अपने साथियों के साथ कोल परिवहन रोक दिया। सूचना मिलने पर सरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि वहां राजीव साकेत सिक्योरिटी मैनेजर सुमन द्विवेदी से अड़ीबाजी कर रहा था। बार-बार समझाने के बावजूद नहीं मानने पर पुलिस उसे अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंची।
इस दौरान मौके पर मौजूद रामनारायण सेन और वीरेंद्र सिंह भी पुलिस से बहस करने लगे तथा धक्का-मुक्की की। पुलिस उन्हें भी थाने ले आई। दोनों को बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए तहसील सरई न्यायालय भेजे जाने की बात कही गई है।
थाना प्रभारी के अनुसार, राजीव साकेत और उसके साथियों के विरुद्ध रास्ता रोकने और अड़ीबाजी के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 119(1), 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी प्रहलाद मश्कोले ने कहा कि शांतिपूर्ण कोल परिवहन में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













