कर्नाटक में भारी बारिश का कहर: शिवमोगा में भूस्खलन, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
मकान पर पहाड़ी का हिस्सा गिरा, तीन वर्षीय मासूम समेत तीन की जान गई; एक व्यक्ति गंभीर घायल

शिवमोगा। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। इंदिरा नगर इलाके में पहाड़ी का एक हिस्सा खिसककर एक मकान पर गिर गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में तीन वर्षीय मासूम भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 2:30 बजे हुआ, जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था। अचानक पहाड़ी का हिस्सा मकान की छत पर आ गिरा और पूरा घर मलबे में दब गया। परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों की पहचान कोप्पल जिले के निवासी मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और तीन वर्षीय पुत्र संतोष के रूप में हुई है। वहीं, पास के एक अन्य शेड में रह रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाकर तीनों शव बाहर निकाले गए।
अधिकारियों ने बताया कि मलनाड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी की मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिससे भूस्खलन की घटना हुई। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।













