देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

राम मंदिर चढ़ावे की जांच अंतिम चरण में, ट्रस्ट ने बढ़ाई निगरानी और पारदर्शिता

दान पेटियों की वीडियो रिकॉर्डिंग, 360 डिग्री कैमरे और आठ सदस्यीय निगरानी दल तैनात

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जांच प्रक्रिया तेज करते हुए दान प्रबंधन व्यवस्था को पहले से अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई नए कदम उठाए हैं। ट्रस्ट के अनुसार, जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

ट्रस्ट सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य चढ़ावे से जुड़े मामले की जांच के तहत संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच का मंदिर की नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा है।

पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ट्रस्ट ने दान पेटियों को खोलने, गणना कक्ष तक पहुंचाने, चढ़ावे की गिनती, सीलिंग और पुनः स्थापित करने तक की पूरी प्रक्रिया की लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी है। इसके लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, 360 डिग्री कैमरे और पेशेवर वीडियोग्राफरों की तैनाती की गई है। साथ ही आठ सदस्यीय विशेष निगरानी दल गठित किया गया है, जिसमें बैंक अधिकारी, ट्रस्ट प्रतिनिधि, सुरक्षा कर्मी और अधिकृत कर्मचारी शामिल हैं।

ट्रस्ट ने बताया कि अब दान पेटियों को एक साथ खोलने के बजाय अलग-अलग दिनों में खोला जा रहा है, जिससे प्रत्येक पेटी की स्वतंत्र निगरानी और सत्यापन संभव हो सके। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अधिकारी भी सीलिंग और सत्यापन प्रक्रिया में शामिल हैं।

गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। पुलिस कई आरोपितों से पूछताछ कर रही है। ट्रस्ट का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दान प्रबंधन प्रणाली को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button