जबलपुर मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टरों से मारपीट, विरोध में धरने पर बैठे चिकित्सक

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में ऑन ड्यूटी रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना के बाद मंगलवार को चिकित्सकों ने डीन कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रेजिडेंट डॉक्टरों के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। सर्जरी और ऑर्थोपेडिक विभाग में एक घायल मरीज को लाया गया था, जिसके साथ कई लोग मौजूद थे। डॉक्टरों का आरोप है कि मरीज के साथ आए कुछ लोग नशे की हालत में थे और इलाज से जुड़ी जानकारी पूछने पर विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने डॉक्टरों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और महिला डॉक्टरों से भी दुर्व्यवहार किया।
चिकित्सकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में डॉक्टरों के साथ मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने अस्पताल में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के साथ आने वाले अटेंडरों की संख्या सीमित करने की मांग की है।
धरना दे रहे डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवाएं जारी रखीं, ताकि मरीजों को परेशानी न हो। वहीं गढ़ा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।













