प्रेम प्रसंग के शक में महिला और युवक के साथ अमानवीय व्यवहार, खंभे से बांधकर गांव में घुमाया

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ठीकरी थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला और युवक को प्रेम संबंध के शक में ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित रूप से मारपीट कर खंभे से बांध दिया। इसके बाद सुबह दोनों को गांव में घुमाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में बताया कि उसका पति शराब का आदी है और अक्सर विवाद करता था। इसी दौरान उसकी पहचान पति के रिश्तेदार युवक से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बन गए। रविवार को महिला और युवक के साथ होने की जानकारी मिलने पर पति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि दोनों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें घर के बाहर खंभे से बांध दिया गया और रातभर वहीं रखा गया। सुबह उन्हें गांव में घुमाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मुक्त कराया।
डीएसपी महेश सुनैया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पति, देवर और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।













