नशे में धुत गेटमैन फाटक खोलना भूला, पांच ट्रेनें गुजरीं, एक घंटे तक लगा रहा जाम

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। नागदा-रतलाम रेल मार्ग पर ड्यूटी पर तैनात गेटमैन के नशे की हालत में होने के कारण रेलवे फाटक करीब एक घंटे तक बंद रहा। इस दौरान पांच ट्रेनें फाटक से गुजर गईं और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बताया जा रहा है कि फाटक बंद होने के बाद वाहन चालक काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन गेट नहीं खुला। परेशान लोगों ने जब रेलवे केबिन में जाकर देखा तो गेटमैन नशे की हालत में जमीन पर पड़ा मिला। लोगों के प्रयास के बाद वह उठा और फाटक खोल सका, जिसके बाद यातायात शुरू हुआ।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गेटमैन की हालत दिखाई दे रही है। लोगों ने मामले की शिकायत रेलवे अधिकारियों से की। गनीमत रही कि फाटक समय पर बंद था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
नागदा जंक्शन के स्टेशन मास्टर मुंशी लाल मीणा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित गेटमैन को हटा दिया गया है। रेलवे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।













