रक्षाबंधन पर भोपाल-रीवा के बीच चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेनें, सतना-मैहर-कटनी-सागर होकर गुजरेंगी

जबलपुर। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) ने भोपाल और रीवा के बीच चार सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार भोपाल-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें दोनों दिशाओं में संत हिरदाराम नगर, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना स्टेशनों पर ठहराव लेंगी।
गाड़ी संख्या 02155 भोपाल-रीवा स्पेशल 25 अगस्त को रात 10:25 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02156 रीवा-भोपाल स्पेशल 26 अगस्त को शाम 6:35 बजे रीवा से चलकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे भोपाल पहुंचेगी।
इसके अलावा 26 एवं 27 अगस्त को भोपाल-रीवा तथा 27 अगस्त को रीवा-भोपाल के बीच अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और उपलब्धता की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।













