डाबर के शहद, घी समेत पांच उत्पादों की बिक्री पर रोक, FSSAI ने 100% शुद्धता वाले दावों को बताया भ्रामक

नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डाबर के पांच उत्पादों पर कार्रवाई करते हुए 100 प्रतिशत शुद्धता के दावों को भ्रामक बताया है। एफएसएसएआई ने कंपनी को इन उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाते हुए 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एफएसएसएआई के अनुसार डाबर की वेबसाइट पर उपलब्ध कुछ खाद्य उत्पादों पर 100 प्रतिशत नेचुरल, 100 प्रतिशत प्योर, 100 प्रतिशत प्योरिटी गारंटेड, 100 प्रतिशत ऑर्गेनिक और 100 प्रतिशत टेंडर कोकोनट वॉटर जैसे दावे किए गए थे, जिन्हें नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया।
प्राधिकरण ने कहा कि इस तरह के दावे अस्पष्ट, सत्यापन योग्य नहीं होने के साथ उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले हैं। यह खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन एवं दावे) विनियम-2018 का उल्लंघन माना गया है।
एफएसएसएआई ने यह भी बताया कि कुछ उत्पादों पर बिना वैध अनुमति के जैविक भारत लोगो का उपयोग किया गया था। वहीं डाबर होममेड कोकोनट मिल्क जैसे कंपाउंड फूड उत्पादों पर 100 प्रतिशत शुद्धता का दावा नियमों के खिलाफ पाया गया।
प्राधिकरण ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत करे और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए।













